जनगणना कार्य में लापरवाही पर 17 प्रगणकों समेत 27 कर्मियों पर कार्रवाई
वेतन रोकने और विभागीय कार्रवाई की संस्तुति, सीडीओ ने भी दिए सख्त निर्देश
शाहजहांपुर। जनगणना सर्वेक्षण कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। समीक्षा में कार्य के प्रति उदासीनता मिलने पर 17 प्रगणकों, छह सुपरवाइजरों और चार नोडल अधिकारियों समेत कुल 27 कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है। संबंधित कर्मचारियों का वेतन रोकने और विभागीय कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।जिला जनगणना अधिकारी एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने बताया कि 16 से 30 नवंबर तक जनगणना सर्वेक्षण कराया जा रहा है। समीक्षा में कुछ प्रगणक निर्धारित कार्यस्थल और आवंटित क्षेत्रों में नहीं पहुंच रहे थे। वहीं, पर्यवेक्षकीय स्तर पर भी लापरवाही सामने आई। सीडीओ ने स्वगणना के महत्वपूर्ण चरण में अपेक्षित सहयोग न करने वाले कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Shahjahanpur, Shahjahanpur | Nov 20, 2026