युवाओं की समस्याओं को लेकर गांव-मोहल्लो तक पहुंचेगी युवा बैठक, रोजगार से लेकर शिक्षा तक उठेगी मजबूत आवाज : राम जी अवस्थी
निगोही ब्लॉक के ग्राम बरेंचा में आयोजित हुई तीसरी युवा बैठक ‘युवाओं की बात, युवाओं के साथ’, सैकड़ों युवाओं ने लिया हिस्सा।
निगोही/शाहजहांपुर। युवाओं की समस्याओं को सुनने, उनके सुझावों को समझने और उन्हें एक साझा मंच प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित युवा बैठक – युवाओं की बात, युवाओं के साथ की लगातार तीसरी बैठक आज ब्लॉक निगोही के ग्राम बरेंचा में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक राम जी अवस्थी एडवोकेट के नेतृत्व में आयोजित हुई। बैठक में सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने पहुंचकर अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए।बैठक को संबोधित करते हुए राम जी अवस्थी एडवोकेट ने कहा कि युवाओं की समस्याएं केवल रोजगार तक सीमित नहीं हैं,बल्कि शिक्षा, खेल,आवागमन और बुनियादी सुविधाओं का अभाव भी उनके भविष्य के सामने बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि गांवों के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधन और अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि युवाओं की आवाज को गांव-गांव से उठाकर जिम्मेदार मंचों तक पहुंचाया जाए।
कार्यक्रम प्रभारी युवा नेता अनुज मिश्रा ने कहा कि आज युवाओं को रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है। गांवों में खेल के मैदानों का अभाव है और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर नहीं मिल पा रहा है। युवाओं की इन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने की आवश्यकता है।
युवा रमन सक्सेना ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार बेहद जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। युवाओं के भविष्य के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी की शिक्षा पर भी गंभीरता से ध्यान देना होगा।
बैठक में युवाओं ने गांवों की सड़कों की बदहाली और आवागमन की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। युवाओं का कहना था कि सड़क, शिक्षा, रोजगार और खेल जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में ग्रामीण क्षेत्र का युवा पीछे छूटता जा रहा है।अंत मे राम जी अवस्थी ने कहा कि यह युवा बैठकों का सिलसिला रुकने वाला नहीं है। जिले के प्रत्येक ब्लॉक,गांव और मोहल्लों तक पहुंचकर युवाओं की बात सुनी जाएगी और उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा।इस अवसर पर प्रमुख रूप से रोहित पांडेय,इरफान खान,प्रशान्त राजा,समीर राज,शिवा सक्सेना,आकाश, रजनीश कुमार,वीरू वर्मा,दीपक श्रीवास्तव, संजय कुमार,विलाल अहमद,सोनू वर्मा,इरफान हसन,नरवीर सिंह, ज्ञानेंद्र त्रिवेदी,विशाल वर्मा,हरियोम मिश्रा,संजीव कुमार वर्मा,फैज़ान,मो रेहान,उमंग त्रिवेदी,राम किशोर राठोर, आलोक कुमार, तौहीद खान,अरमान खान,संजीव राज,राजपाल,शिवा बाजपेई, सुमित कुमार वर्मा,विनोद,केशव मिश्रा,राम जी वर्मा आदि युवा मौजूद रहे।