65 ग्राम स्मैक के साथ नूंह का नशा तस्कर गिरफ्तार, बाइक पर लेकर पहुंचा था सप्लाई देने
पलवल, 24 जून। "नशा मुक्त भारत" अभियान के तहत पलवल पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। एंटी व्हीकल थेफ्ट (ए.वी.टी.) स्टाफ हथीन ने नूंह जिले के एक कथित नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 64.87 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के निर्देशन में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल निवासी गांव लफुरी, जिला नूंह के रूप में हुई है।
ए.वी.टी. स्टाफ हथीन प्रभारी निरीक्षक जमील अहमद ने बताया कि 23 जून को एएसआई ईश्वर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम आली ब्राह्मण मंदिर के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि राहुल नामक युवक बाइक पर स्मैक लेकर आली ब्राह्मण क्षेत्र में सप्लाई देने आने वाला है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने लफुरी रोड पर नाकाबंदी कर दी। करीब दस मिनट बाद एक बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर वह खेतों की ओर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी की सहमति पर राजपत्रित अधिकारी ललित कुमार, एईटीओ पलवल को मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी की जेब से एक सफेद पॉलिथीन बरामद हुई। जांच में उसमें 64 ग्राम 87 मिलीग्राम स्मैक पाई गई।
पुलिस ने बरामद स्मैक और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर थाना बहीन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की कार्रवाई की जा रही है ताकि उससे नशा तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चैन के बारे में पूछताछ की जा सके।
पलवल पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Palwal, Palwal | Jun 24, 2026