दिल्ली से चोरी की बाइक लेकर मेवात में बेचने आया शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, दो मोटरसाइकिल बरामद
पलवल, 24 जून। पलवल पुलिस के ए.वी.टी. स्टाफ हथीन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली से चोरी की गई मोटरसाइकिल सहित एक अंतरराज्यीय वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक पलवल नीतीश अग्रवाल के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ए.वी.टी. स्टाफ हथीन को यह सफलता मिली। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद सद्दाम हुसैन निवासी गांव कासमपुर, जिला औरंगाबाद (बिहार), हाल निवासी सागरपुर, जनकपुरी (दिल्ली) के रूप में हुई है।
ए.वी.टी. स्टाफ हथीन प्रभारी निरीक्षक जमील अहमद ने बताया कि पुलिस टीम हथीन रेस्ट हाउस चौक पर गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी दिल्ली से चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल लेकर उसे बेचने के लिए मेवात क्षेत्र की ओर आने वाला है।
सूचना के आधार पर स्वामिका मोड़ पर नाकाबंदी की गई। कुछ समय बाद मंडकोला की ओर से आ रहे एक युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल के इंजन और चेसिस नंबर को साइबर सेल के माध्यम से चेक किया गया। जांच में वाहन का वास्तविक नंबर UP-22AY-7226 सामने आया। यह मोटरसाइकिल 21 जून 2026 को थाना शकरपुर, पूर्वी दिल्ली क्षेत्र से चोरी हुई थी, जिसके संबंध में दिल्ली में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर चोरी की एक अन्य स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना दिल्ली पुलिस को भी भेजी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की गई है। मामले की जांच जारी है।
Palwal, Palwal | Jun 24, 2026