**दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन का निरीक्षण, मूलभूत सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश**
जिलाधिकारी, सीतामढ़ी के निर्देशानुसार एसडीएम, सीतामढ़ी सदर श्री आनंद कुमार के नेतृत्व में जिला कमांडेंट (गृह रक्षा वाहिनी), ट्रैफिक डीएसपी, एडीएसओ, अंचल अधिकारी, संबंधित थाना के पदाधिकारियों, जीआरपी एवं स्टेशन मास्टर की उपस्थिति में दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान संभावित भीड़ के मद्देनजर बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन के साथ-साथ सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर निम्नलिखित निर्देश दिए गए—
- बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन पर प्रवेश एवं निकास द्वार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने।
- अस्थायी अतिक्रमण हटाकर आवागमन के रास्तों को अतिक्रमणमुक्त रखने।
- पर्याप्त प्रकाश एवं रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने।
- पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था एवं साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रखने।
- निर्माणाधीन एवं संवेदनशील क्षेत्रों को निर्धारित एसओपी के अनुरूप बैरिकेडिंग कर बंद रखने।
- सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त कवरेज एवं क्रियाशीलता सुनिश्चित करने।
- भीड़ नियंत्रण एवं यात्रियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं सुरक्षा बल की प्रतिनियुक्ति करने।
- ऑटो स्टैंड को निर्धारित स्थल पर ही संचालित कराने तथा ऑटो चालकों द्वारा निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़ा कराने।
- बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन परिसर में नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने।
इसके अतिरिक्त रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड के बाहर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, अनावश्यक वाहन जमाव एवं जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होने देने तथा यात्रियों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व-त्योहार के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात एवं यात्रियों की सभी मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित की जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।