ग्रामीण क्षेत्रों से होने वाले पलायन को रोकने और जनजातीय अंचलों के सर्वांगीण विकास की दिशा में संसदीय संकुल विकास परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस परियोजना के माध्यम से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाएगा। यह बात केंद्रीय राज्यमंत्री एवं बैतूल सांसद दुर्गादास उईके ने भीमपुर विकासखंड के ग्राम धामन्या में संसदीय संकुल विकास परियोजना के शुभारंभ अवसर पर कही।
केंद्रीय राज्यमंत्री उईके ने कहा कि जनजातीय समाज के कल्याण एवं विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और पीएम जनमन योजना के माध्यम से जनजातीय ग्रामों में सड़क, बिजली, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। संसदीय संकुल विकास परियोजना इन प्रयासों को और गति देगी। इसके माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आजीविका से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
अतिथियों ने संकुल विकास केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान प्रतिभावान छात्रों को स्कूटी, लाड़ली बालिकाओं को प्रमाण पत्र तथा सिकल सेल मित्रों को सम्मानित किया गया। अतिथियों द्वारा निमोनिया के लक्षण पहचान और त्वरित उपचार की महत्वपूर्ण पहल 'साथ' अभियान का भी शुभारंभ किया गया।
विधायक महेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन आया है।
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और स्थानीय आजीविका गतिविधियों का अवलोकन किया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार उन्नत बेसन, दालें, शहद, ग्रास मेटल एवं नमो ड्रोन सहित विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। इस अवसर पर पांच लखपति दीदियों को लखपति दीदी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा गोकाष्ठ, कामधेनु गोमूत्र अर्क एवं जैविक खाद जैसे गौ उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समिति द्वारा नांदा शहद एवं वनोपज उत्पाद प्रदर्शित किए गए। उद्यानिकी एवं कृषि विभाग ने जैविक कृषि एवं उससे जुड़े उत्पादों की जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा सिकल सेल जांच, पीएम आरोह एवं एक्स-रे जांच की सुविधा का प्रदर्शन किया गया। वहीं जनजातीय कार्य विभाग द्वारा प्रतिभावान बालिकाओं को स्कूटी वितरित की गई।