नवरात्रि में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट
शक्ति सुरक्षा अभियान के तहत विशेष व्यवस्थाएं
गरबा-डांडिया स्थलों और बाजारों में रहेगी पुलिस की निगरानी
कालिका पेट्रोलिंग टीमों की होगी तैनाती, सादे वस्त्रों में भी नजर रखेगी पुलिस
महिला सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने ली कालिका टीमों की बैठक
डीडवाना-कुचामन जिले में नवरात्रि पर्व के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस ने विशेष तैयारियां की हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देशन में शक्ति सुरक्षा अभियान के तहत गरबा-डांडिया कार्यक्रमों, धार्मिक आयोजनों, प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।इसी अभियान के तहत 12 अक्टूबर को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा ने जिले में तैनात सभी कालिका टीमों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस का उद्देश्य नवरात्रि के दौरान महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना है।अभियान के तहत प्रमुख आयोजन स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। जरूरत के अनुसार कालिका पेट्रोलिंग टीमों और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। सादे वस्त्रों में भी निगरानी रखी जाएगी, ताकि महिलाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।इसके साथ ही प्रमुख आयोजनों में महिला हेल्प डेस्क की व्यवस्था, पुलिस सहायता के माध्यमों, महिला हेल्पलाइन और राजकॉप ऐप की जानकारी दी जाएगी। आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर सीसीटीवी कैमरों, प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग और आवागमन के रास्तों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।पुलिस द्वारा सार्वजनिक परिवहन, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। अभियान की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा की जाएगी।पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि नवरात्रि पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। किसी भी तरह की छेड़छाड़ या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
Didwana, Nagaur | Oct 12, 2026