फ्रोजन सीमेन स्टेशन परियोजना को लेकर एनडीडीबी टीम ने किया स्थलाकृतिक सर्वे, डीएम ने की प्रगति समीक्षा
लखीसराय। जिले के चानन अंचल में प्रस्तावित फ्रोजन सीमेन स्टेशन की स्थापना की दिशा में कार्य तेज हो गया है। अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, बिहार स्टेट मिल्क कोऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड) के निर्देश के आलोक में एनडीडीबी (नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड) की टीम ने गुरुवार को चानन अंचल के मौजा गोपालपुर, थाना संख्या-47, खाता संख्या-192, खेसरा संख्या-1130 की कुल 79.92 एकड़ भूमि का स्थलाकृतिक (टोपोग्राफिक) सर्वेक्षण एवं मिट्टी जांच (सॉइल इन्वेस्टिगेशन) के लिए विस्तृत निरीक्षण किया।
सर्वेक्षण के बाद जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनडीडीबी टीम ने बताया कि भूमि का निरीक्षण पूरा कर लिया गया है तथा अंचल अमीन के सहयोग से 7 अगस्त से सीमांकन कार्य शुरू किया जाएगा। साथ ही मिट्टी जांच का कार्य भी शीघ्र प्रारंभ होगा, जिसमें जिला प्रशासन आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगा।
बैठक में विभिन्न विभागों की भूमिका पर भी चर्चा हुई। कार्यपालक अभियंता ने बोरिंग से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, जबकि विद्युत प्रमंडल ने परियोजना स्थल पर बिजली एवं नेटवर्क की उपलब्धता की पुष्टि की। वन विभाग को वृक्षों से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। जल संसाधन विभाग के लिए आवश्यक आंकड़े कार्यपालक अभियंता, जमुई द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला पदाधिकारी ने परियोजना से जुड़े सभी कार्यों को समयबद्ध एवं बाधारहित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। आवश्यकता पड़ने पर अनुमंडल पदाधिकारी, स्थानीय थाना एवं दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने की बात भी कही गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।