क्यूल जंक्शन सड़क की मरम्मत कार्य का डीएम ने किया निरीक्षण, विभागों को समन्वय से समाधान के निर्देश
लखीसराय, जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने क्यूल जंक्शन के उत्तर एवं दक्षिण भाग को जोड़ने वाली जर्जर सड़क के मरम्मत कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सड़क की खराब स्थिति से आम लोगों और स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी को देखते हुए मुख्य सचिव, बिहार के माध्यम से रेलवे से कार्रवाई का अनुरोध किया गया था, जिसके बाद रेलवे अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान रेलवे के सहायक अभियंता राजेश कुमार, सेक्शन इंजीनियर तथा केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य एच.एस. मीणा मौजूद रहे। प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय के छात्र-छात्राओं के वाहन इसी मार्ग से गुजरते हैं, जिससे खराब सड़क के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
जिला पदाधिकारी ने क्यूल स्टेशन के समीप पथ निर्माण विभाग (आरसीडी) द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। नाला निर्माण असमान पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए रेलवे, आरसीडी, आरडब्ल्यूडी एवं ऊर्जा विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर शीघ्र बैठक आयोजित करने और स्थायी समाधान का प्रस्ताव तैयार कर उच्च स्तर पर भेजने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान सड़क चौड़ीकरण, विद्युत पोल के स्थानांतरण तथा रेलवे द्वारा आरसीडी के नाले के उपयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य कर आमजन की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, पीएचईडी के कनीय अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।