मननपुर आयुष्मान आरोग्य मंदिर का डीएम ने किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना
लखीसराय, 4 अगस्त। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार एवं उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार ने मंगलवार को चानन प्रखंड स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, मननपुर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (CHO) ने बताया कि जुलाई माह में केंद्र पर 1008 मरीजों का सफलतापूर्वक उपचार किया गया, जो स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास का संकेत है।
जिला पदाधिकारी ने टीबी मुक्त भारत अभियान की भी समीक्षा की। इस दौरान जानकारी दी गई कि मंगलवार को 18 संभावित मरीजों के बलगम के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि टीबी की शीघ्र पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि चानन प्रखंड ने स्क्रीनिंग लक्ष्य का 96 प्रतिशत, एक्स-रे जांच का 200 प्रतिशत तथा अन्य प्रमुख सूचकांकों में 100 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है। इस प्रगति पर जिला पदाधिकारी ने संतोष व्यक्त करते हुए स्वास्थ्यकर्मियों की सराहना की।
निरीक्षण के बाद जिला पदाधिकारी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर की व्यवस्थाओं की प्रशंसा की और निर्देश दिया कि चानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र व्यवहारिक विकल्पों के साथ प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत किया जाए, ताकि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।