मुरैना में पेट्रोल पंप पर मनमानी? बिना नंबर की कार को CNG से किया मना, वैन को दी गैस
मुरैना। एसपी कार्यालय के पास स्थित पुलिस पेट्रोल पंप पर नियमों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक कार चालक पेट्रोल पंप पर अपनी कार में CNG भरवाने पहुंचता है, लेकिन गाड़ी पर नंबर अंकित नहीं होने की बात कहकर उसे CNG देने से मना कर दिया जाता है।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान कार के पीछे एक बिना नंबर की वैन पहुंचती है। खास बात यह रही कि वैन पर स्कूल का नाम तक स्पष्ट रूप से अंकित नहीं था। इसके बावजूद उसे CNG उपलब्ध करा दी गई। इस पूरे मामले को लेकर कार चालक ने पेट्रोल पंप संचालक से आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक कहासुनी हुई।
कार चालक का आरोप है कि जब बिना नंबर की गाड़ी को CNG दी जा सकती है तो उसकी गाड़ी को नंबर नहीं होने के आधार पर CNG देने से क्यों मना किया गया। इसी विरोधाभास को लेकर मौके पर विवाद की स्थिति बनी।
गौरतलब है कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से बिना नंबर वाले वाहनों को पेट्रोल-डीजल नहीं देने के निर्देश दिए जाने की बात सामने आती रही है। ऐसे में वायरल वीडियो में दिखाई दे रही स्थिति ने पेट्रोल पंप पर नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखने वाली बात यह होगी कि संबंधित अधिकारी वायरल वीडियो और पूरे मामले की जांच कर पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ कोई कार्रवाई करते हैं या नहीं।
#मुरैना #morena