जनसुनवाई में समस्याओं से ज्यादा तबादले की अर्जियां, मनचाही पोस्टिंग की उम्मीद लेकर पहुंचे कर्मचारी
शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर की जनसुनवाई में इन दिनों आम समस्याओं से अधिक तबादले से संबंधित आवेदन देखने को मिल रहे हैं। बड़ी संख्या में शिक्षक व कर्मचारी अपनी मनचाही जगह पर तबादला करवाने की उम्मीद लेकर मंत्री के समक्ष पहुंच रहे हैं।
जनसुनवाई में आने वाले आवेदकों के तबादले के अलग-अलग कारण सामने आ रहे हैं। कोई अपनी गंभीर बीमारी का हवाला देकर स्थानांतरण की मांग कर रहा है तो कोई वृद्ध माता-पिता की देखभाल, छोटे बच्चों की पढ़ाई या परिवार से लंबे समय तक दूर रहने की मजबूरी बताते हुए तबादले की गुहार लगा रहा है।
कई कर्मचारी वर्षों से दूरस्थ क्षेत्रों में सेवाएं देने के बाद अब गृह जिले या नजदीकी स्थान पर पदस्थापन की मांग कर रहे हैं। ऐसे में जनसुनवाई के दौरान तबादले के आवेदन सबसे अधिक चर्चा का विषय बने हुए हैं।
मंत्री मदन दिलावर प्रत्येक आवेदक की बात सुनकर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दे रहे हैं। जनसुनवाई में रोजाना बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं, लेकिन तबादले की मांग करने वालों की संख्या सबसे अधिक दिखाई दे रही है।
Sangod, Kota | Jun 27, 2026