रानीगंज के मेढ़ौली जगदीशपुर के नाले में डूबने से चाचा भतीजे की मौत से लोगों में मातम है। रविवार की सुबह जब उनके घर से चाचा भतीजे की अर्थी उठी तो परिजनों समेत आसपास के पहुंचे लोगों के भी आंसू छलक पड़े। इस दर्दनाक घटना से पूरा गांव सदमें में है। शनिवार को बारिश के बाद नाले में मछली पकड़ने पानी में उतरे लल्ले उर्फ विकास विश्वकर्मा (25) के डूबने की आवाज सुनकर उन्हें बचाने पहुंचे उनके चाचा नन्हे विश्वकर्मा भी गहरे पानी में समा गए थे। जिसके बाद नन्हे का शव एक घंटे बाद नाले से निकाला गया था। रविवार की सुबह भतीजे का भी शव नाले से निकला तो परिजनों की चीत्कार निकल गई। ग्रामीणों ने बताया कि पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण दर्दनाक घटना हुई। पिछले साल भी उसी नाले में बरसात के मौसम में एक मासूम की मौत हो गई थी। शाम से ही देर रात्रि तक रानीगंज थाना प्रभारी प्रदीप कुमार अपने हमराहियों के साथ मौके पर मौजूद रहे।
Pratapgarh, Pratapgarh | Aug 23, 2026