विश्व बंधुत्व दिवस पर ब्रह्माकुमारी सेवाकेंद्र में रक्तदान महा अभियान आयोजित, 45 यूनिट रक्त संग्रहित
करुणा व विश्व बंधुत्व की भावना को धरातल पर उतारने का सर्वश्रेष्ठ मार्ग है रक्तदान : बीके अंजली दीदी
भिवानी, 25 अगस्त : आज समाज सेवा प्रभाग की ओर से ब्रह्माकुमारीज़ संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की पुण्यतिथि विश्व बंधुत्व दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को रक्तदान महाअभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ब्रह्माकुमारी गौशाला मार्केट की नई शाखा हालु बाजार स्थित अनारा देवी स्कूल के समीप सेवाकेंद्र पर संपन्न हुआ। इस अभियान में युवाओं और सेवाभावियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसके फलस्वरूप कुल 45 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी अंजली दीदी, सेवाकेंद्र संचालिका कीर्ति बहन, सुमित्रा बहन, शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा, श्वेता बहन, कल्पना बहन, प्रदीप वशिष्ठ एडवोकेट, ब्रह्माकुमार शांति भाई, राजेश भाई, राजेन्द्र भाई, अंजनी भाई एवं हेन्दराज भाई द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। दीप प्रज्वलन के पश्चात उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मानव सेवा ही ईश्वर सेवा है और रक्तदान से बड़ा कोई पुण्य कर्म नहीं हो सकता। यह कार्य किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे सशक्त माध्यम है। वरिष्ठ राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी अंजली दीदी ने कहा कि रक्तदान केवल किसी की जान बचाने का साधन नहीं है, बल्कि यह समाज में निस्वार्थ प्रेम, करुणा और विश्व बंधुत्व की भावना को धरातल पर उतारने का सर्वश्रेष्ठ मार्ग है। जब हम किसी अनजान व्यक्ति के जीवन की रक्षा के लिए अपना रक्त देते हैं, तब सही मायनों में दादी प्रकाशमणि के विश्व भ्रातृत्व के सपने को साकार करते हैं। हर स्वस्थ व्यक्ति को जीवन में नियमित रूप से रक्तदान का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा ने सभी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें नियमित रूप से इस पावन कार्य से जुडऩे के लिए प्रेरित किया। अंत में सेवाकेंद्र संचालिका कीर्ति बहन ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों की टीम तथा उपस्थित सहयोगियों का हृदय से धन्यवाद व आभार व्यक्त किया।