तोशाम हलके के विकास में नहीं रहने दी जाएगी कोई कमी, आपकी बेटी श्रुति चौधरी दिन-रात आपकी सेवा में लगी हुई है : किरण चौधरी
श्रुति चौधरी ने तोशाम के लिए आईएमटी मंजूर करवाई, युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर : किरण चौधरी
तोशाम, 25 अगस्त। भाजपा की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने मंगलवार को तोशाम हल्के के गारनपुरा खुर्द, चनाना, मीरान, भेरा सहित विभिन्न गांवों का दौरा किया और ग्रामीणों से रूबरू होकर उनकी जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान को लेकर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
किरण चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में विकास की गंगा बह रही है। उन्होंने कहा कि आपकी बेटी एवं हरियाणा की कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी लगातार तोशाम क्षेत्र के विकास कार्यों को गति दे रही हैं। क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़कों सहित मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
किरण चौधरी ने कहा कि उन्होंने संसद में किसानों की कपास की फसल के बीमे का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था, जिसका परिणाम है कि किसानों को उनका हक मिला और मुआवजा राशि उनके खातों में पहुंची। उन्होंने कहा कि श्रुति चौधरी ने तोशाम के लिए इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग टाउनशिप (आईएमटी) मंजूर करवाई है। अब तोशाम के लोग इसके लिए जमीन उपलब्ध करवाएं, ताकि यहां आईएमटी जल्द स्थापित हो सके। इससे क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि श्रुति चौधरी अपने दादा एवं पिता के दिखाए मार्ग पर चलते हुए पूरे हरियाणा में सिंचाई और नहरों से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं। किसानों को पर्याप्त सिंचाई पानी उपलब्ध करवाने के साथ-साथ तोशाम क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
इस दौरान विभिन्न गांवों में दर्जनों लोगों ने कांग्रेस पार्टी छोड़कर पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा। किरण चौधरी ने भाजपा में शामिल होने वाले लोगों को पार्टी का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया और उन्हें पार्टी में शामिल किया।
किरण चौधरी ने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ और जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत प्रदेश के विकास के लिए कार्य कर रही है। भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर लगातार लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।