उत्तराखंड के ऋषिकेश से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां 32 वर्षीय युवक पर अपनी ही मां को गोली मारने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, पशुलोक विस्थापित क्षेत्र में किसी बात को लेकर सुमित गौड़ का अपनी 63 वर्षीय मां उषा देवी गौड़ से विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में सुमित ने 12 बोर के तमंचे से फायर कर दिया, जिससे गोली महिला के माथे पर लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद आरोपी खुद अपनी मां को इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश लेकर पहुंचा, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, पीड़िता के बड़े बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। स्थानीय स्तर पर शराब की लत को विवाद की वजह बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।