एसएसपी शुभांक मिश्रा के निर्देश पर पुलिस को बड़ी सफलता, सराय में छिनतई कांड का 12 घंटे में खुलासा कर 3 शातिर गिरफ्तार
वैशाली के वरीय पुलिस अधीक्षक एसएसपी शुभांक मिश्रा के कड़े तेवर और सटीक दिशा-निर्देश के कारण वैशाली पुलिस ने सराय थाना क्षेत्र में हुई छिनतई की गंभीर वारदात को महज 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में संलिप्त तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त बाइक और लूटे गए सोने के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते 8 सितंबर 2026 को सराय थाना क्षेत्र के विशुनपुर धन्नू गांव में बाइक सवार अपराधियों ने छिनतई की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के संबंध में सराय थाना कांड संख्या 315/26 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी शुभांक मिश्रा ने त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए। उनके निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (लालगंज) के नेतृत्व में सराय थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम गठित की गई।
गठित पुलिस टीम ने मानवीय आसूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर त्वरित छापेमारी की और मामले में शामिल तीन अपराधियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाजीतपुर बेरई निवासी अभिषेक कुमार, धोबघटी (थाना काजीपुर) निवासी सुमित कुमार और सोनू कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता पूरी तरह स्वीकार कर ली है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त यामाहा एफजेड मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन तथा छीने गए आभूषणों में एक सोने का मंगलसूत्र, एक सोने का जितिया और एक सोने का ढोलना बरामद किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए तीनों बदमाशों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है और वे सराय एवं काजीपुर थाना क्षेत्र के कई स्नैचिंग मामलों में वांछित रहे हैं। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
Bihar, India | Sep 10, 2026