प्रेस विज्ञप्ति
नीलाम पत्र न्यायालय के संचालन को डिजिटल एवं पारदर्शी बनाने की पहल, पीडीआर सॉफ्टवेयर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
गया , 30 अक्टूबर 2026। बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अंतर्गत राजस्व परिषद्, पटना के तत्वावधान में नीलाम पत्र न्यायालय के कार्यों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से विकसित पीडीआर (PDR) सॉफ्टवेयर के संचालन एवं उपयोग से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को प्रमंडलीय सभागार, गया जी में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयुक्त के सचिव श्री सुशील कुमार (बि.प्र.से.) ने किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मगध प्रमंडल, गया के अंतर्गत आने वाले जिला यथा गया, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद एवं नवादा के संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान आये पदाधिकारीयों एवं कर्मियों को पीडीआर सॉफ्टवेयर की कार्यप्रणाली, तकनीकी विशेषताओं तथा इसके माध्यम से नीलाम पत्र न्यायालय से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं के ऑनलाइन निष्पादन की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विशेष रूप से नीलाम पत्र वादों के पंजीकरण एवं निष्पादन, वादों की अद्यतन स्थिति की जानकारी, अभिलेखों के डिजिटल संधारण तथा न्यायालयीन कार्यों की ऑनलाइन निगरानी से संबंधित प्रक्रियाओं पर विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया गया। ताकी वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में इसका प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकें।
इस अवसर पर बताया गया कि पीडीआर सॉफ्टवेयर के लागू होने से नीलाम पत्र न्यायालय के कार्यों में अनावश्यक विलंब को कम करने, अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव, कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग तथा पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इसके माध्यम से न्यायालयीन प्रक्रियाओं को अधिक व्यवस्थित एवं समयबद्ध बनाया जा सकेगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों को डिजिटल प्रणाली के प्रति दक्ष बनाना तथा तकनीक आधारित प्रशासनिक व्यवस्था को और सुदृढ़ करना है। इससे न केवल विभागीय कार्यों के निष्पादन में तेजी आएगी, बल्कि आम नागरिकों को भी नीलाम पत्र न्यायालय से संबंधित सेवाओं का लाभ अधिक सरल, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से मिल सकेगा।
राजस्व परिषद्, पटना की यह पहल राज्य में ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने तथा न्यायालयीन कार्यप्रणाली को आधुनिक तकनीक से जोड़कर अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Khizirsarai, Gaya | Oct 30, 2026