एलिवेटेड रोड पर पेच वर्क का निगम उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य के दिए निर्देश
उदयपुर, 10 जुलाई। शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और आमजन को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा एलिवेटेड रोड के आसपास चल रहे पेच वर्क कार्य का शुक्रवार को निगम उपायुक्त डॉ. नरेश सोनी ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सड़क मरम्मत कार्य की गुणवत्ता, निर्माण सामग्री, समतलीकरण और कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसी को निर्देश दिए कि निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
डॉ. सोनी ने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए पेच वर्क पूरी गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि सड़कें सुरक्षित और सुगम बनी रहें। साथ ही मरम्मत कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था भी प्रभावित नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि गत 8 जुलाई को जिला कलक्टर द्वारा भी एलिवेटेड रोड क्षेत्र का निरीक्षण कर सड़क मरम्मत कार्य शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए थे, जिसके बाद कार्य में तेजी लाई गई है।
उपायुक्त के अनुसार पेच वर्क की शुरुआत उदियापोल क्षेत्र से की गई है। वर्तमान में एलिवेटेड रोड के आसपास क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत तेज गति से जारी है। इसके बाद शहर के अन्य प्रमुख मार्गों और विभिन्न क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से पेच वर्क कराया जाएगा, जिससे बरसात के दौरान नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सभी कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएंगे तथा नियमित निरीक्षण के माध्यम से उनकी सतत निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिशाषी अभियंता अखिल गोयल, सहायक अभियंता सुनील प्रजापत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।