जिलाधिकारी समस्तीपुर ने ताजपुर-बख्तियारपुर परियोजना एवं गंगा के कटाव प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थल निरीक्षण
समस्तीपुर, 12 अगस्त 2026।
जिलाधिकारी समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा द्वारा बुधवार, 12 अगस्त 2026 को जिले में संचालित महत्वपूर्ण विकास एवं आधारभूत संरचना से संबंधित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के क्रम में ताजपुर-बख्तियारपुर परियोजना का स्थल निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने परियोजना के विभिन्न कार्यस्थलों का भ्रमण कर निर्माण कार्य की प्रगति, भूमि से संबंधित मामलों तथा परियोजना के क्रियान्वयन की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
स्थल निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं से परियोजना के कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली तथा कार्यों में आ रही कठिनाइयों एवं लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने तथा परियोजना के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
इसके पश्चात जिलाधिकारी द्वारा गंगा नदी के कटाव प्रभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने नदी के कटाव की स्थिति, प्रभावित क्षेत्रों तथा संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया। साथ ही, मौके पर किए जा रहे कटाव निरोधक कार्यों का भी विस्तृत निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अभियंताओं से कटाव निरोधक कार्यों की तकनीकी स्थिति, कार्य की प्रगति तथा नदी के जलस्तर एवं कटाव की वर्तमान स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मौके पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए आवश्यकतानुसार सुरक्षात्मक एवं कटाव निरोधक उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि गंगा नदी के कटाव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा संवेदनशील स्थलों पर आवश्यकतानुसार कटाव निरोधक एवं सुरक्षात्मक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। उन्होंने अभियंताओं को स्थल की परिस्थितियों का नियमित तकनीकी आकलन करने तथा आवश्यकता के अनुरूप त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि कटाव प्रभावित क्षेत्रों में आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए संबंधित विभाग के पदाधिकारी एवं अभियंता लगातार क्षेत्र में निगरानी रखते हुए किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
स्थल निरीक्षण के दौरान जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, समस्तीपुर श्री प्रवीण कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, समस्तीपुर सदर श्री राकेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, पटोरी श्री विकास कुमार पांडेय, संबंधित परियोजनाओं के अभियंतागण एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजनाओं के कार्यों में अपेक्षित गति लाने तथा गंगा नदी के कटाव से प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
#highlightsシ゚
District Administration, Samastipur
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Aug 12, 2026