आज दिनांक 12.08.2026 को जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा द्वारा प्रखंड सह अंचल कार्यालय, चेनारी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति पंजी की जांच करते हुए कार्यालयीन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को ससमय कार्यालय पहुंचकर पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने म्यूटेशन, परिमार्जन, ई-मापी, भूमि अभिलेखों के अद्यतन, ऑनलाइन आवेदनों के निष्पादन तथा निवास, आय एवं जाति प्रमाण-पत्र से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि दाखिल-खारिज, परिमार्जन एवं ई-मापी जैसे राजस्व मामलों में अनावश्यक विलंब से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसलिए प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, चेनारी में आए ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानी और संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित निष्पादन का निर्देश दिए। इस दौरान हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक लोग अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएं तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप प्रदान करें।
#IPRD
#DistrictAdministration
#Rohtas
#Chenari
#BiharGovernment
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Aug 12, 2026