अटल पथ निर्माण के बीच सड़क पर पड़ा मलबा बना खतरा, ग्रामीणों में आक्रोश
अलावड़ा। कस्बे में करीब 1900 मीटर लंबे अटल पथ का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। बस स्टैंड से मिलकपुर मोड़, मालपुर मोड़ होते हुए चिड़वाई धाम तक 12 फीट चौड़ी सीमेंटेड सड़क का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। सड़क के दोनों ओर चार-चार फीट इंटरलॉकिंग तथा तीन-तीन फीट चौड़ी नालियों का निर्माण कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है।
इसी बीच अलावड़ा-मालपुर मार्ग पर निर्माण सामग्री और मलबा सड़क किनारे व कुछ स्थानों पर सड़क पर पड़ा होने से राहगीरों के लिए परेशानी और खतरे की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर पड़े मलबे के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। विशेष रूप से रात के समय दोपहिया वाहन चालकों को मलबा दिखाई नहीं देने से दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए उन्होंने संबंधित ठेकेदार से भी बातचीत की, लेकिन अब तक मलबा नहीं हटाया गया। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद सड़क को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में आवश्यक कदम नहीं उठाए गए हैं।
मामले को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य हाल ही में हुआ है। ठेकेदार को निर्देश देकर सड़क पर पड़े मलबे को जल्द हटवाया जाएगा ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Alwar, Alwar | Jun 22, 2026