सात साल बाद लौटा लापता बेटा! तमिलनाडु में बंधक बनाकर रखने का सनसनीखेज आरोप, आपबीती सुनकर दंग रह गए परिजन
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। सात साल तक बेटे की राह निहारती मां की आंखें आखिरकार उस दिन खुशी से छलक उठीं, जब लापता बेटा अचानक घर लौट आया। वर्षों से जिस बेटे की तलाश में परिवार दर-दर भटक रहा था, उसकी सकुशल वापसी ने पूरे परिवार को भावुक कर दिया। हालांकि, घर लौटे युवक ने तमिलनाडु में अपने साथ जो कुछ होने का दावा किया है, वह बेहद चौंकाने वाला है। उसने आरोप लगाया है कि उसे बंधक बनाकर रखा गया, जबरन काम कराया गया और मजदूरी तक नहीं दी गई।
मामला श्री बंशीधर नगर प्रखंड की कोलझिकी पंचायत का है। यहां के नजीर अंसारी के पुत्र हसमुद्दीन अंसारी करीब सात साल से लापता थे। 11 नवंबर 2026 को वह शक्तिपुंज एक्सप्रेस से नगर ऊंटारी रेलवे स्टेशन पहुंचे। बेटे के लौटने की खबर मिलते ही परिजन स्टेशन पहुंचे और उसे लेकर गांव आए। घर पहुंचते ही परिवार में खुशी का माहौल छा गया। मां तेबून बीबी, पिता नजीर अंसारी और दादा कादिर अली के लिए यह पल किसी चमत्कार से कम नहीं था।
#garhwa #jharkhand #viral #nagaruntari
Kanke, Ranchi | Nov 11, 2026