मुरैना केंद्र देवरी में घड़ियाल संरक्षण को बड़ी सफलता, 41 नए शावकों का हुआ जन्म
मुरैना। घड़ियाल संरक्षण की दिशा में केंद्र देवरी को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। आज केंद्र देवरी की हैचरी में 41 घड़ियाल शावकों ने सफलतापूर्वक जन्म लिया। इससे पहले 153 शावकों को क्वॉरेंटाइन पूल में सुरक्षित रखा गया था। आज के नए शावकों को मिलाकर कुल 194 घड़ियाल शावक हैच हो चुके हैं।
बरौली एवं बाबू सिंह घेर से एकत्रित किए गए कुल 200 घड़ियाल अंडों को केंद्र देवरी में कृत्रिम हैचिंग प्रक्रिया के माध्यम से सफलतापूर्वक विकसित किया गया। वर्तमान में 194 शावकों को क्वॉरेंटाइन पूल में सुरक्षित रखा गया है, जबकि अभी 6 अंडे हैच होना शेष हैं।
वहीं, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर केंद्र देवरी में पौधारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रीमान मुख्य वन संरक्षक (सेवानिवृत्त) एवं सेंट्रल अथॉरिटी में कार्यरत संजय शुक्ला, वन मंडल अधिकारी मुरैना, अधीक्षक देवरी, गेम रेंजर एवं वन विभाग के स्टाफ ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
घड़ियाल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में केंद्र देवरी की यह उपलब्धि जैव विविधता के संरक्षण तथा वन्यजीव संवर्धन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Morena Nagar, Morena | Jun 6, 2026