पुलिस ने चोरी की दो वारदातों को चंद घंटों में सुलझाया, एक आरोपी गिरफ्तार
भारी मात्रा में नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, लाइसेंसी रिवाल्वर व जिंदा कारतूस बरामद
रेवाड़ी, समाचार पंकज कुमार
: थाना धारूहेड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में हुई चोरी की दो बड़ी वारदातों का खुलासा करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर वारदात में संलिप्त मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से दोनों मामलों में चुराया गया शत-प्रतिशत सामान-जिसमें 6 मोबाइल फोन, 88500 रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के और एक लाइसेंसी रिवाल्वर व कारतूस बरामद किये हैं।
प्रबंधक थाना धारूहेड़ा निरीक्षक फूल कुमार ने बताया की गत 8 अक्टूबर को राम नगर, बास रोड, धारूहेड़ा निवासी परमजीत ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि कोई अज्ञात चोर उनके घर के कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे 1 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात (एक जोड़ी बड़ी पाजेब, 1 तागड़ी, 5 जोड़ी चांदी की पाजेब, 1 इंडी चांदी की, 1 जोड़ी कान के सोने के टोपस), करीब 30-35 चांदी के सिक्के और एक गुलाबी रंग का स्कूल बैग चोरी कर ले गया हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध लड़का बैग ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। इस संबंध में थाना धारूहेड़ा में चोरी का मामला दर्ज किया गया था।
इसी दिन, जिला जींद के गांव गतोली हाल किराएदार चांद कॉलोनी, बास रोड, धारूहेड़ा निवासी संदीप ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि गत 7 अक्टूबर को वह अपना कमरा बंद कर ड्यूटी पर गया था। वापस आने पर उनके कमरे का ताला खुला मिला और बेड के अंदर रखे बैग से उसकी 32 बोर लाइसेंसी रिवाल्वर तथा 4 जिंदा कारतूस किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिए गए हैं। इस संबंध में भी थाना धारूहेड़ा में अलग से चोरी का मामला दर्ज किया गया था।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों का गठन किया गया और तकनीकी सहायता व गुप्त सूत्रों की मदद से आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास तेज किए गए। इन मामलों पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपी अंकित कश्यप गांव मंदुसारा जिला मऊ युपी हाल किरायेदार सैयद कालोनी धारूहेड़ा को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दोनों मामलों का शत-प्रतिशत चोरी गया सामान बरामद कर लिया है, जिसमें 88500 की नगदी, 32 बोर लाइसेंसी रिवाल्वर तथा 4 जिंदा कारतूस, सोने के टोपस, चांदी की पाजेब, चांदी की तागड़ी, चांदी की इंडी और 33 चांदी के सिक्के, 6 मोबाइल फोन, स्कूल बैग शामिल है।
Rewari, Rewari | Oct 10, 2026