बाहला बस स्टैंड पर सड़क हादसा,तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से मुनीम की मौत,चालक वाहन सहित फरार
फैक्ट्री से ड्यूटी कर घर लौट रहे एक मुनीम की तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार रामगढ़ क्षेत्र के नाड़का गांव निवासी जंगीर सिंह उद्योग नगर स्थित एक नमक फैक्ट्री में मुनीम के पद पर कार्यरत थे। बुधवार रात करीब 9 बजे ड्यूटी समाप्त कर वह बाइक से अपने गांव नाड़का लौट रहे थे। इसी दौरान बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र में बहाला बस स्टैंड के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि जंगीर सिंह उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल के लिए रवाना किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
गुरुवार दोपहर एक बजे बगड़ तिराहा थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है।
पुलिस ने अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फरार चालक और वाहन की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा
Alwar, Alwar | Jun 18, 2026