चित्रकूट में बाढ़ के बाद सफाई और राहत का कार्य जारी
106 क्षतिग्रस्त परिवारों को तिरपाल व सूखा राशन वितरित
---
सतना 07 सितम्बर 2026/#सतना जिले के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में आई बाढ़ के बाद जनजीवन को सामान्य स्थिति में लाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सफाई, स्वच्छता, राहत एवं पुनर्बहाली के कार्य लगातार किए जा रहे हैं। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर घाटों, सड़कों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई कर रही हैं। साथ ही बाढ़ प्रभावित परिवारों को आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। चित्रकूट के भरत घाट एवं पार्किंग क्षेत्र में बाढ़ के दौरान जमा हुए कचरे और मलबे को हटाकर व्यापक साफ-सफाई कराई गई। इसी प्रकार प्रमोद वन के मंदाकिनी घाट में भी कचरा हटाने का कार्य जारी रहा। वन विभाग चित्रकूट के सुरक्षा श्रमिकों के सहयोग से प्रमोद वन में मां मंदाकिनी नदी के विभिन्न घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। वहीं आरोग्य धाम सड़क मार्ग स्थित नदी घाट की भी साफ-सफाई कराई गई।
बाढ़ प्रभावित चित्रकूट-नयागांव पूर्व माध्यमिक विद्यालय में भी सफाई कार्य का निरीक्षण किया गया। एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर एवं तहसीलदार कमलेश सिंह भदौरिया ने विद्यालय पहुंचकर साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। इससे पूर्व मझगवां जनपद पंचायत की टीम द्वारा विद्यालय भवन में जमा कीचड़ और मलबे को हटाकर परिसर की साफ-सफाई कराई गई थी। प्रशासन द्वारा विद्यालयों को शीघ्र सामान्य स्थिति में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि शैक्षणिक गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित हो सकें। प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में लगे कर्मचारियों तथा बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए भोजन तैयार करने की व्यवस्था भी लगातार जारी है। प्रशासन एवं संबंधित टीमों द्वारा आवश्यकता के अनुसार प्रभावित लोगों तक भोजन एवं अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाई जा रही है। चित्रकूट में बाढ़ से जिन परिवारों के मकान पूर्णतः क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें अग्रिम राहत के रूप में आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इसी क्रम में 106 प्रभावित परिवारों को तिरपाल एवं सूखा राशन वितरित किया गया। तिरपाल उपलब्ध कराए जाने से प्रभावित परिवारों को तत्काल आश्रय की व्यवस्था में सहायता मिलेगी, जबकि सूखा राशन उनके भोजन की आवश्यकताओं को पूरा करने में उपयोगी होगा।
*चित्रकूट में जिला अधिकारियों ने घर-घर पहुंचकर बाढ़ प्रभावितों की जानी समस्याएं*
चित्रकूट के बाढ़ प्रभावित सभी वार्डो में सोमवार को जिला अधिकारियों ने घर-घर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से संपर्क कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने राहत सामग्री के वितरण, स्वीकृत आर्थिक सहायता की प्राप्ति तथा बिजली, पानी, स्वच्छता सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की बहाली के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। इसी दौरान अधिकारियों ने पशु चिकित्सालय कामता का निरीक्षण कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पशु चिकित्सा सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। चिकित्सालय में दवाइयां एवं टीकाकरण सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाई गई। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में शिविर लगाकर पशुओं की डिवर्मिंग, दस्त की दवाइयों का वितरण तथा टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है। पशु चिकित्सा दल घर-घर पहुंचकर पशुपालकों को आवश्यक उपचार एवं परामर्श भी उपलब्ध करा रहे हैं।
CM Madhya Pradesh
Dr Mohan Yadav
#JansamparkMP
32 views | Satna, Madhya Pradesh | Sep 7, 2026