*7.90 लाख की अवैध शराब समेत कार जब्त, 3 पर एफआईआर*
*फोर व्हीलर में घूम-घूम कर आरोपी कर रहे थे मदिरा की सप्लाई*
सतना। अवैध शराब की तस्करी के साथ बड़े पैमाने पर बिक्री के खिलाफ आबकारी अमले ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान से 90 हजार की शराब के साथ बिना नंबर की एक कार जब्त कर ली, मगर अंधेरे का फायदा उठाकर 3 बदमाश भाग निकले, जिनके खिलाफ अपराध दर्ज कर धरपकड़ के प्रयास प्रारंभ किए गए हैं। सहायक आबकारी आयुक्त सुरेंद्र कुमार उरांव के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से खबर मिल रही थी कि आरोपी शामू खान, विक्की उर्फ राहुल सिंह और पप्पू सिंह सटोरिया कहीं बाहर से शराब लाकर अवैध विक्रेताओं से ऑर्डर मिलते ही बिना नंबर की कार के जरिए शहर के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई कर रहे हैं। आरोपियों ने आदर्श नगर में अपना अड्डा बना रखा है, लिहाजा सूचना की तस्दीक करने के बाद मुखबिर के पुख्ता सुराग पर शनिवार रात को आदर्श नगर-हवाई पट्टी में देवी मंदिर के पास बने मकान में दबिश दी, तो टीम को देखते ही तीन लोग अंधेरी गली में भाग निकले और पीछा करने पर भी हाथ नहीं आए।
*तलाशी में मिला जखीरा*
आबकारी अमले ने घर के कमरों की तलाशी ली तो अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हो गई, जिसकी कुल मात्रा 105.5 लीटर और कीमत लगभग 90 हजार रुपए निकाली गई। मकान के ही दूसरे हिस्से में बिना नंबर की कार भी खड़ी मिली, जिसका बाजार मूल्य 7 लाख रुपए आंका गया है। पूछताछ और प्राथमिक जांच में फरार आरोपियों की पहचान शामू, राहुल और पप्पू सिंह के रूप में की गई, जिनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। उक्त मकान का मालिक पिंटू सटोरिया बताया जा रहा था।