तालाब में पैर फिसलने से महिला की डूबकर मौ@त, परिजनों में कोहराम
वाराणसी।कपसेठी थाना क्षेत्र के हरिभानपुर गांव में सोमवार सुबह करीब 05 बजे तालाब में डूबने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार हरिभानपुर गांव निवासी मंजू देवी सोमवार सुबह करीब 05 बजे नित्य क्रिया के लिए गई थीं। जिसके के बाद वह पानी छूने के लिए तालाब में उतरीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह तालाब के गहरे पानी में चली गईं। आसपास किसी के मौजूद नहीं होने के कारण तत्काल मदद नहीं मिल सकी।
काफी देर तक मंजू देवी के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान परिजन तालाब के किनारे पहुंचे, जहां उन्हें मंजू देवी का शव पानी में दिखाई दिया। परिजनों ने तत्काल उन्हें तालाब से बाहर निकाला और उपचार के लिए क्षेत्र स्थित एक निजी चिकित्सालय ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कपसेठी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।