खेल मैदान की मांग को लेकर टावर पर चढ़ा युवक, समर्थन में उतरे दर्जनों युवा
वाराणसी।चोलापुर थाना क्षेत्र के अजगरा गांव में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव में खेल के मैदान की मांग को लेकर सेना भर्ती की तैयारी कर रहा 22 वर्षीय युवक राकेश गुप्ता पुत्र वीरेंद्र गुप्ता मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
युवक का कहना था कि जब तक प्रशासन गांव में खेल का मैदान (प्लेग्राउंड) बनाने की मांग पूरी नहीं करता, तब तक वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा। घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर ग्रामीणों और युवाओं का भारी हुजूम जमा हो गया।
सूचना मिलते ही अजगरा चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए चोलापुर थाना प्रभारी को अवगत कराया। थाना प्रभारी तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने युवक को समझाने-बुझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया।
इस दौरान टावर पर चढ़े युवक के समर्थन में पहुंचे दर्जनों युवाओं ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवाओं का आरोप था कि शासन स्तर से प्रत्येक गांव में खेल मैदान विकसित करने की योजना काफी समय पहले बनाई गई थी, लेकिन जनप्रतिनिधियों की लापरवाही और अनदेखी के चलते अजगरा गांव में अब तक मैदान की व्यवस्था नहीं हो सकी। खेल मैदान न होने से सेना और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
कई घंटों तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद भी युवक को नीचे उतारने के प्रयास जारी रहे और दोपहर तक मौके पर भारी भीड़ जुटी रही।