वाराणसी के धन्नीपुर के गर्ल्स हॉस्टल में 17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत, दो महिलाएं हिरासत में
वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के धन्नीपुर स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में रविवार रात उड़ीसा की 17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान अनामिका, निवासी बिसरा संतोषपुर, उड़ीसा के रूप में हुई है। वह चांदपुर स्थित एक कॉलेज में कक्षा 12वीं की छात्रा थी और पिछले तीन वर्षों से धन्नीपुर स्थित गर्ल्स हॉस्टल में अपनी सहेलियों के साथ रह रही थी।
बताया गया कि रविवार रात करीब 11 बजे छात्रा की मौत हुई। सूचना पर लोहता पुलिस और एसीपी रोहनिया पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मंडलीय अस्पताल कबीर चौरा की मोर्चरी में रखवा दिया।
सोमवार को फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और लोहता थाना प्रभारी अभिजीत सिंह ने हॉस्टल पहुंचकर घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने मामले में दो महिलाओं को हिरासत में लिया है। जांच के दौरान पुलिस ने हॉस्टल का सीसीटीवी डीवीआर भी अपने कब्जे में लिया है। छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस साक्ष्य जुटाने के साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
Rajatalab, Varanasi | Sep 22, 2026