ओवरटेक के दौरान ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, एम आर की मौत
वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के हरपुर रिंग रोड पर शुक्रवार रात की रात करीब 11 .30 बजे ओवरटेक के दौरान एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई। आपको बता दे कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया।
मृतक की पहचान भदोही के गोपीगंज थाना क्षेत्र के सारीपुर गांव निवासी अभिषेक कौशिक पुत्र संजय सिंह के रूप में हुई। वह एक दवा कंपनी में एमआर का काम करते थे। बताया गया कि अभिषेक कार से रखौना रिंग रोड होते हुए हरहुआ की ओर जा रहे थे। वही हरपुर गांव के पास उन्होंने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद अभिषेक को कार से बाहर निकाला और गंभीर हालत में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार अभिषेक अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी दो साल की बेटी है। मौत से पत्नी, मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।