बाढ़ से क्षतिग्रस्त रपटों एवं पुलिया का विधायक, डीएम व एसपी ने किया निरीक्षण
माननीय विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी, जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने जनपद में आई बाढ़ के कारण टिकरिया एवं जारों माफी क्षेत्र में क्षतिग्रस्त रपटा एवं पुलिया का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड-1 द्वारा अवगत कराया गया कि क्षतिग्रस्त सेतु के मरम्मत एवं पुनर्निर्माण हेतु आकलन तैयार कर लोक निर्माण विभाग मुख्यालय को प्रेषित किया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जलस्तर कम होने तक आवागमन सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था कराई जाए। साथ ही, सुरक्षा की दृष्टि से क्षतिग्रस्त रपटे/पुलिया पर भारी वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रखा जाए तथा संबंधित स्थानों पर आवश्यक चेतावनी संकेतक लगाए जाएं।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने जारोमाफी में बाढ़ से क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड-1 को निर्देशित किया कि पुल की मरम्मत के लिए स्पेशल रिपेयर के अंतर्गत प्रस्ताव तत्काल तैयार कर शासन को प्रेषित किया जाए।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को निर्देश दिए कि जब तक जलस्तर सामान्य न होने के कारण आवागमन बाधित है, तब तक प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, खाद्यान्न एवं पेयजल सहित आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मानिकपुर उपस्थित थे।