साइबर ठगी से बचाव को लेकर बैंक नोट प्रेस परिसर में जन चौपाल
देवास। साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव को लेकर मंगलवार को बैंक नोट प्रेस परिसर में थाना बैंक नोट प्रेस पुलिस द्वारा जन चौपाल आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देशन में आयोजित चौपाल में नागरिकों को साइबर फ्रॉड के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी गई।
पुलिस ने अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और संदेशों से सावधान रहने तथा OTP, PIN, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की समझाइश दी। साथ ही साइबर ठगी होने पर बिना समय गंवाए 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई। पुलिस ने बताया कि समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को रोकने की कार्रवाई में मदद मिल सकती है।
जन चौपाल के माध्यम से पुलिस ने नागरिकों से सतर्क और जागरूक रहने तथा दूसरों को भी साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की।