देवास में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2700 किलो महुआ लाहन और 140 से अधिक पाव शराब जब्त
देवास। अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग देवास ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन में विभाग की संयुक्त टीम ने देवास शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध शराब और महुआ लाहन बरामद किया।
आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम बरोठा के सासी मोहल्ला, ग्राम भीलाखेड़ा तथा देवास शहर के भोलेनाथ मंदिर के पास बालगढ़ रोड, बिहारीगंज, बस स्टैंड और कंजर मोहल्ला सहित विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की।
इस दौरान टीम ने करीब 2700 किलोग्राम महुआ लाहन, 55 लीटर हाथ भट्टी मदिरा, 10 पाव विदेशी मदिरा और 85 पाव देशी प्लेन मदिरा जब्त की। जब्त सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत 2 लाख 89 हजार 10 रुपये बताई गई है।
मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत कुल 10 प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए हैं।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।