ग्रेटर नोएडा: दयानतपुर सिलेंडर हादसे में पिता-पुत्र की मौत पर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने जताया गहरा शोक, पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का दिया भरोसा।
जेवर विधानसभा क्षेत्र के दयानतपुर गांव में गैस सिलेंडर लीकेज से हुए दर्दनाक हादसे में वीरपाल सिंह और उनके 24 वर्षीय बेटे अभिषेक सिंह की मौत के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। घटना की जानकारी मिलते ही जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
विधायक ने कहा कि एक ही परिवार के दो सदस्यों को खोना बेहद पीड़ादायक है। इस कठिन समय में पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
हादसे में अभिषेक की पत्नी काजल देवी और उनका दो वर्षीय बेटा आदित्य भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है। परिवार में दो छोटे बच्चों के भविष्य और आजीविका को लेकर भी चिंता बनी हुई है। वहीं आगामी 1 दिसंबर को वीरपाल सिंह की बेटी का विवाह निर्धारित था, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
इस संबंध में विधायक धीरेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर स्वर्गीय वीरपाल सिंह और अभिषेक सिंह के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
विधायक ने घायलों के समुचित उपचार और पीड़ित परिवार को आवश्यक सहायता दिलाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों से प्रयास करने की बात कही।
दयानतपुर की इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। अब पीड़ित परिवार को आर्थिक संबल और हरसंभव मदद दिलाने की मांग उठ रही है।
Gautam Buddha Nagar, Gautam Buddh Nagar | Nov 23, 2026