*विश्व शांति कल्याण चातुर्मास के लिए भीलवाड़ा पधार रहे जगतगुरु स्वामी जी श्रीरामदयालजी महाराज, स्वागत को आतुर भीलवाड़ावासी*
*स्टेशन चौराहे पर मंगलमय पधरावणी,शंखनाद,वैदिक मंत्रोच्चार ,महा आरती के साथ भव्य शोभायात्रा से होगा विश्व शांति कल्याण चातुर्मास का शुभारंभ*
भीलवाड़ा :निलेश काठेड़( वरिष्ठ पत्रकार),18 जुलाई अन्तरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय शाहपुरा के पीठाघीश्वर जगतगुरू आचार्य स्वामी श्रीरामदयालजी महाराज वर्ष 2026 का पावन ‘‘विश्व शांति कल्याण’’ चातुर्मास करने के लिए रविवार को भीलवाड़ा की पावन धरा पर पधार रहे है।अपने आचार्यवत काल के 33 चातुर्मास में से पांचवी बार भीलवाड़ा चातुर्मास करने जा रहे आचार्यश्री का आगमन मंगलमय पधरावणी के साथ होगा।
भीलवाड़ा के माणिक्यनगर रामद्वारा में हो रहे चातुर्मास को लेकर सर्व समाज के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है ओर भीलवाड़ावासी आचार्य श्री के स्वागत अभिनंदन के लिए आतुर है।
विश्व शांति कल्याण चातुर्मास समिति के तत्वावधान में चातुर्मास का शुभारंभ रविवार को भीलवाड़ा में भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। आचार्यश्री की चातुर्मासिक मंगलमय पधरावणी (प्रवेश) 19 जुलाई को सुबह 8.30 बजे भव्य शोभायात्रा के साथ होगी। शोभायात्रा प्रारंभ होने से पूर्व आचार्यश्री की चातुर्मास के लिए भावपूर्ण अगवानी की जाएगी। इसके बाद स्टेशन चौराहे पर शंखनाद करते हुए वैदिक मंत्रोच्चार से मंगलाचरण किया जाएगा। सर्व समाज के श्रद्धालुओं द्वारा 108 थाली के साथ आचार्य श्रीरामदयालजी महाराज की महाआरती की जाएगी। इसके बाद विधिवत रूप से शोभायात्रा प्रारंभ होगी। शोभायात्रा में सबसे आगे हाथी, घोड़े, उंट के साथ छत्र चंवर व शाही लवाजमा होगा। शोभायात्रा मार्ग में 108 स्वागत द्वार बनाए गए है। मार्ग में रामस्नेही भक्तजनों द्वारा स्थान स्थान पर आचार्य श्री का पूजन अर्चन,आरती भी की जाएगी
ड्रोन से पुष्पवर्षा , महाकाल आरती की प्रस्तुति देने वाला दल भी शोभायात्रा का विशेष आकर्षण होगा। सम्पूर्ण मार्ग पर स्वागत में जगह-जगह आकर्षक रंगोली भी सजाई जाएगी। शोभायात्रा रेलवे स्टेशन रोड स्थित गजाधर मानसिंहका धर्मशाला से प्रारंभ होेकर सरकारी दरवाजा, गोल प्याउ, बालाजी मार्केट, सूचना केन्द्र चौराहा, गांधी बाजार, भीमगंज थाना चौराहा, माणिक्यनगर आदि मुख्य मार्गो से होते हुए रामद्वारा पहुंच कर धर्म सभा के साथ सम्पन्न होगी।
देश भर से रामस्नेही सम्प्रदाय के श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल होंगे। शोभायात्रा मार्ग में जगह-जगह स्वागत द्वार लगाए गए है ओर शहर में कई जगह आचार्यश्री के अभिनंदन के होर्डिंग बैनर भी लगाए गए है। चातुर्मास में आचार्यश्री रामदयालजी महाराज के सानिध्य में धर्म एवं सनातन संस्कृति की अविरल धारा प्रवाहित होगी ओर भक्ति से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
इस से पूर्व शनिवार को आयोजन समिति द्वारा रामनिवास धाम शाहपुरा पर पहुंच कर आचार्य श्री की चातुर्मासिक रामत की आरती एवं रसोई( प्रसादी) की परंपरा का निर्वहन किया गया जिसमें आयोजक परिवारों के सदस्यों के साथ ही सैकड़ों भक्तों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई