*18वें जन्मदिन पर बनाया अनूठा रिकॉर्ड: भानु प्रताप ने 118 किमी साइकिल चलाकर युवाओं को दिया फिटनेस का संदेश*
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल,18 जुलाई आज के समय में जहां अधिकांश युवा अपना जन्मदिन पार्टियों और सोशल मीडिया तक सीमित रखते हैं, वहीं भीलवाड़ा के युवा भानु प्रताप कुमावत ने अपने 18वें जन्मदिन को समाज के लिए प्रेरणा का माध्यम बनाते हुए 118 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी कर युवाओं को स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश दिया।
यह जानकारी देते हुए भीलवाड़ा साइकिल क्लब प्रभारी अरुण संतोष मुछाल ने बताया कि भानु प्रताप, भीलवाड़ा के प्रख्यात साइकिलिस्ट एवं "साइकिल मैन ऑफ भीलवाड़ा" के नाम से प्रसिद्ध शारीरिक शिक्षक मुकेश कुमावत के सुपुत्र हैं। उन्होंने अपने जन्मदिन पर भीलवाड़ा से चित्तौड़गढ़ स्थित विजय स्तंभ तक तथा वहां से पुनः भीलवाड़ा लौटते हुए कुल 118 किलोमीटर की नॉन-स्टॉप साइकिल यात्रा सफलतापूर्वक पूर्ण की। इस दौरान जतिन जीनगर ने एस्कॉर्ट के रूप में उनका साथ निभाया।
भानु प्रताप ने सुबह 4:30 बजे बालाजी फार्म, बालाजी चौराहा से यात्रा प्रारंभ की। बारिश और उमस भरे मौसम के बावजूद उन्होंने लगभग सात घंटे में अपनी यात्रा पूरी की। भीलवाड़ा पहुंचने पर गोल प्याऊ चौराहा, बालाजी मार्केट में भीलवाड़ा साइकिल क्लब द्वारा उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। उपस्थित जनों ने पुष्पमालाएं पहनाकर और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ इस प्रेरणादायी उपलब्धि का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर भानु प्रताप ने कहा कि 18 वर्ष की आयु जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होती है, जब व्यक्ति को मतदान का अधिकार प्राप्त होता है। वे इस दिन को केवल केक काटकर नहीं, बल्कि समाज को स्वस्थ जीवन का संदेश देकर यादगार बनाना चाहते थे। उन्होंने युवाओं से नशे, मोबाइल की लत और निष्क्रिय जीवनशैली से दूर रहकर नियमित व्यायाम, खेलकूद और साइकिलिंग अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि "पहला सुख निरोगी काया" केवल कहावत नहीं, बल्कि जीवन का मूल मंत्र है।
उन्होंने कहा कि साइकिलिंग न केवल शरीर को स्वस्थ रखती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और प्रदूषण मुक्त परिवहन को भी बढ़ावा देती है। उनकी यह यात्रा स्वस्थ, जागरूक और हरित समाज की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल है।
सम्मान समारोह में स्थायी लोक अदालत के पूर्व सदस्य गोवर्धन सिंह कावड़िया, ट्रैफिक इंचार्ज रामपाल साल्वी, सुरेश बम्ब, अरुण संतोष मुछाल, राकेश सक्सेना, डॉ. देवेंद्र पुरी गोस्वामी, सत्यनारायण राठी, धर्मेंद्र खटोड़, मुकेश सामरिया, हस्तीमल भलावत, विजय कपूर, रक्तवीर विक्रम दाधीच, मुकेश कुमावत, रामचंद्र मूंदड़ा सहित बालाजी मार्केट के अनेक व्यवसायी एवं भीलवाड़ा साइकिल क्लब के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने भानु प्रताप के साहस, अनुशासन और सामाजिक सोच की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं दीं।