गया में सम्मान सह समन्वय बैठक का आयोजन
(जीविका दीदियों जीविकोपार्जन गतिविधियों को बढ़ाने हेतु उपलब्ध होगा 151 करोड़ का ऋण)
बोधगया स्थित होटल रामाडा में आज बिहार ग्रामीण बैंक एवं जीविका द्वारा सम्मान सह समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का उद्देश्य जीविका दीदियों तक बैंकिंग सुविधाओं को सरल बनाना और उन्हें विभिन्न जीविकोपार्जन गतिविधियों को बढ़ाने हेतु ऋण उपलब्ध कराना था।
उक्त अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक श्री आचार्य मम्मट ने अपने संबोधन में कहा कि आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए समय पर राशि की उपलब्धता आवश्यक है। जीविका दीदियों ने जिले में स्वावलंबन के अनेक उदाहरण प्रस्तुत किए हैं और सरल ऋण सुविधा के माध्यम से विविध आजीविका गतिविधियों को सफलतापूर्वक संचालित कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बैंक और जीविका के बीच बेहतर तालमेल से दीदियों को समय पर वित्तीय सहायता मिलेगी। इससे वे अपने छोटे-छोटे व्यवसायों को विस्तार दे सकेंगी और परिवार की आय में वृद्धि कर पाएंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि “उन्हें आगे बढ़ाने के लिए सहयोग को बढ़ाना होगा, तभी ग्रामीण परिवारों का आर्थिक सशक्तिकरण संभव है।
बैठक में यह घोषणा की गई कि आगामी 19 सितम्बर 2026 को बिहार ग्रामीण बैंक द्वारा महा ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में स्वयं सहायता समूहों के क्रेडिट लिंकेज के माध्यम से जीविका दीदियों को लगभग 151 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध करने का लक्ष्य रखा गया है।
सहायक महाप्रबंधक (एजीएम) श्री विकास कुमार ने कहा कि गया जिला आरंभिक जिलों में से है जहाँ से जीविका की हुई है। जिले में बिहार ग्रामीण बैंक सदैव जीविका दीदियों तक बैंकिंग सुविधा को सरल बनाने का प्रयास करता रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा आगे भी बैंक जीविका दीदियों को सुविधा देने को तत्पर है। उन्होंने कहा कि बैंक की प्रत्येक शाखा में एक विशेष अधिकारी या नोडल जीविका से संबंधित ऋण दस्तावेजों की त्वरित प्रक्रिया के लिए समर्पित रहेगा और ऋण वितरण कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करेगा।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पुरे जिले में बड़े पैमाने पर ऋण वितरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों को समय पर वित्तीय सहयोग मिलेगा। इससे उनके व्यवसायिक विस्तार को गति मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रखंड परियोजना प्रबंधक तथा फाइनेंशियल इन्क्लूजन नोडल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि ग्रामीण परिवारों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में साझा प्रयासों को और मजबूत किया जाएगा। अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि स्वयं सहायता समूहों के खाते खोलने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, दस्तावेजीकरण में आसानी हो और ऋण आवेदन का निपटारा समयबद्ध तरीके से किया जाए। इन कदमों से जीविका दीदियों की आजीविका गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी और वे आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से अग्रसर होंगी।
बैठक में जिला परियोजना प्रबंधक श्री आचार्य मम्मट, सहायक महाप्रबंधक (एजीएम) श्री विकास कुमार, मुख्य प्रबंधक श्री सुमंत कुमार, प्रबंधक सूक्ष्म वित्त श्री बृजेश कुमार, प्रबंधक संचार श्री दिनेश कुमार, नोडल श्री सन्तोष कुमार सहित बैंक एवं जीविका के वरिष्ठ अधिकारी, सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधक तथा फाइनेंशियल इन्क्लूजन नोडल उपस्थित थे।