*जिलाधिकारी महोदया एवं माननीय पथ निर्माण मंत्री ने काजीकोरैया–राघोपुर बांध एवं कटाव प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण*
*कटाव निरोधी कार्यों में तेजी लाने तथा रेलवे बांध की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश*
भागलपुर, 29 अगस्त 2026। जिलाधिकारी महोदया एवं बिहार सरकार के माननीय पथ निर्माण मंत्री ने आज काजीकोरैया–राघोपुर बांध एवं राघोपुर कटाव प्रभावित क्षेत्र का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कटाव की वर्तमान स्थिति, कटाव निरोधी कार्यों की प्रगति, राहत एवं बचाव व्यवस्था तथा प्रभावित लोगों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
निरीक्षण के क्रम में कटाव निरोधी कार्यों की प्रगति पर जिलाधिकारी महोदया एवं माननीय मंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तत्काल तेजी लाने एवं युद्धस्तर पर आवश्यक कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। मुख्य अभियंता एवं कार्यपालक अभियंता को स्थल की परिस्थितियों के अनुरूप विस्तृत ब्लूप्रिंट एवं कार्ययोजना तैयार कर योजनाबद्ध एवं प्रभावी ढंग से कार्य कराने का निर्देश दिया गया।
*जियोबैग की पर्याप्त उपलब्धता एवं वाहनों की संख्या बढ़ाने का निर्देश*
कटाव निरोधी कार्यों को गति देने के लिए बड़ी मात्रा में जियोबैग उपलब्ध कराने हेतु वाहनों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया गया, ताकि आवश्यक सामग्री को शीघ्रता से कार्यस्थल तक पहुंचाया जा सके और कटाव निरोधी कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
*रेलवे बांध की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता*
रेलवे बांध को सुरक्षित रखने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को यथाशीघ्र कटाव निरोधी एवं सुरक्षात्मक कार्य कराने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को बांध की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखने तथा संभावित जोखिम वाले स्थलों पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
*श्रमिकों की कमी दूर करने के लिए मनरेगा से सहयोग*
निरीक्षण के दौरान श्रमिकों की कमी की समस्या पर भी चर्चा की गई। कटाव निरोधी कार्यों में आवश्यक श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर पर्याप्त संख्या में श्रमिक उपलब्ध कराने की बात कही गई, ताकि कार्यों की गति प्रभावित न हो।
*कम्युनिटी किचन एवं मेडिकल कैंप की व्यवस्था की समीक्षा*
जिलाधिकारी महोदया ने राहत एवं प्रभावित क्षेत्रों में संचालित कम्युनिटी किचन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि कम्युनिटी किचन एवं संबंधित क्षेत्रों में मेडिकल कैंप की समुचित व्यवस्था, स्पष्ट सूचना एवं बैनर तथा पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
*बाढ़ प्रभावित बच्चों को भी मिलेगा एचसीएम*
आईसीडीएस द्वारा पोषक क्षेत्र के बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे एचसीएम (HCM) को बाढ़ प्रभावित बच्चों को भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य बाढ़ एवं कटाव से प्रभावित परिवारों के बच्चों को आवश्यक पोषण सहायता उपलब्ध कराना है।
*साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर करने का निर्देश*
निरीक्षण के दौरान प्रभावित क्षेत्रों एवं राहत स्थलों पर साफ-सफाई की स्थिति को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को नियमित सफाई, स्वच्छ वातावरण तथा आवश्यक जनस्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी महोदया ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कटाव निरोधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कटाव निरोधी कार्यों में तेजी लाएं तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत, स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करें।
ज़िला जनसंपर्क कार्यालय
भागलपुर
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bhagalpur District Administration
Bhagalpur Police
13 views | Bhagalpur, Bihar | Aug 29, 2026