#बालाघाट
कलेक्टर नें पेयजल प्रदाय व्यवस्था की समीक्षा की
पेयजल व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : कलेक्टर मृणाल मीना
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा बैठक में दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जिले में पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने तथा आम नागरिकों को किसी प्रकार की पेयजल समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने गुरुवार 11 जून को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में लोक स्वास्थ्य एवं यांत्रिकी (पीएचई) विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में पेयजल व्यवस्थाओं, खराब हैंडपंपों की मरम्मत, जल स्रोतों की स्वच्छता तथा सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की स्थिति पर गहन चर्चा की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री बी.एल. उइके सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री मीना ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीओ) को निर्देशित किया कि जिले में जहां कहीं भी हैंडपंप खराब अवस्था में हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तत्काल सुधरवाया जाए। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान पेयजल की उपलब्धता नागरिकों की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र का भ्रमण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करने तथा समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मीना ने कहा कि केवल जल उपलब्ध कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी हैंडपंपों, कुओं एवं अन्य जल स्रोतों के आसपास नियमित साफ-सफाई कराई जाए ताकि गंदगी और दूषित वातावरण के कारण किसी भी प्रकार की जलजनित बीमारी फैलने की आशंका न रहे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
बैठक में कलेक्टर श्री मीना ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पेयजल आम नागरिकों का मूलभूत अधिकार है और प्रत्येक व्यक्ति तक पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी पहुंचाना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल से जुड़ी प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका त्वरित और प्रभावी निराकरण किया जाए।
समीक्षा के दौरान सीएम हेल्पलाइन में दर्ज पेयजल संबंधी शिकायतों पर विशेष ध्यान दिया गया। कलेक्टर श्री मीना ने पीएचई विभाग के कार्यपालन यंत्री को निर्देशित किया कि सभी लंबित शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाया गया तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी एसडीओ को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्राप्त जन शिकायतों की नियमित निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कलेक्टर ने कहा कि जिन तहसीलों में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें लंबित पाई जाएंगी, वहां संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।उन्होने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे संवेदनशीलता, जवाबदेही और तत्परता के साथ कार्य करते हुए जिले में पेयजल व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने का काम करें, ताकि प्रत्येक नागरिक को समय पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके और किसी भी क्षेत्र में जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minphemp
49 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jun 11, 2026