मऊ में विश्व मधुमेह दिवस पर जागरूकता रैली, 452 लोगों की हुई निःशुल्क जांच
मऊ। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर शनिवार को मऊ में शारदा नारायण वेलफेयर ट्रस्ट सहित विभिन्न सामाजिक एवं चिकित्सा संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में विशाल जन-जागरूकता रैली निकाली गई। ''चीनी कम, सेहत ज्यादा'' के संदेश के साथ निकली इस रैली को पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान चिकित्सकों ने लोगों को मधुमेह से बचाव, लक्षण और इसके समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए अपनी दिनचर्या में शारीरिक गतिविधियों को शामिल करना जरूरी है। छोटी दूरी के कार्यों के लिए वाहन के बजाय पैदल चलने की आदत डालनी चाहिए। वहीं सेमी यूपी चैप्टर के प्रदेश अध्यक्ष एवं मेडिकल डायरेक्टर डॉ. सुजीत सिंह ने आकस्मिक चिकित्सा के दौरान मधुमेह रोगियों के उपचार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर नियंत्रण नहीं होने पर मधुमेह हृदय रोग, गुर्दे की बीमारी और अंधेपन जैसी गंभीर समस्याओं का कारण बन सकता है।
शारदा नारायण हॉस्पिटल से शुरू हुई जागरूकता रैली आजमगढ़ मोड़, रोडवेज, डीसीएसके पीजी कॉलेज, बरपुर और ब्रह्मस्थान होते हुए पुनः अस्पताल पहुंची। इसके बाद शारदा नारायण हॉस्पिटल और नगर में आयोजित मधुमेह मेलों में कुल 452 लोगों की निःशुल्क जांच की गई। इसमें एचबीए1सी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, लिपिड प्रोफाइल, हीमोग्लोबिन, नेत्र परीक्षण, यूरिक एसिड, बीएमडी, यूएसीआर और थायराइड सहित विभिन्न जांचें शामिल रहीं। साथ ही जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मधुमेह के लक्षण, बचाव और उपचार के प्रति लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और विद्यार्थी मौजूद रहे।
Maunath Bhanjan, Mau | Nov 14, 2026