मऊ में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कम्युनिटी हॉल में आयोजित शिक्षा प्रेरकों के बकाया मानदेय भुगतान कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि जनपद के लगभग 900 शिक्षा प्रेरकों के बकाया मानदेय भुगतान के लिए 5 करोड़ 52 लाख रुपये से अधिक की धनराशि आवंटित की गई है, जबकि पूरे प्रदेश के शिक्षा प्रेरकों के लिए 397 करोड़ 18 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मंत्री ने कहा कि शिक्षा प्रेरकों ने गांव-गांव जाकर निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने वर्षों से लंबित उनके मानदेय भुगतान का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प युवाओं के हाथों में कट्टे नहीं, बल्कि कंप्यूटर और किताबें देना है। प्रदेश में शिक्षा, तकनीकी विकास और कौशल विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि युवा शिक्षित और हुनरमंद बनकर प्रदेश और देश के विकास में योगदान दे सकें।