जिला प्रशासन एवं नगर प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में कल संध्या 4 बजे खैरमा घाट पर होगा भव्य गंगा आरती का आयोजन, आस्था और आध्यात्मिकता से जगमगाएगा किऊल नदी का पावन तट।
जमुई: जिला प्रशासन एवं नगर प्रशासन, जमुई के संयुक्त तत्वावधान में कल किऊल नदी स्थित पतनेश्वर धाम के पावन तट, खैरमा घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिलाधिकारी के दिशा-निर्देश के आलोक में आज जिला परिवहन पदाधिकारी एवं कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, जमुई द्वारा खैरमा घाट का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान घाट परिसर, पहुंच पथ, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, वाहनों के पड़ाव तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों एवं पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता, मुस्तैदी एवं आपसी समन्वय के साथ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए घाट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण ,सुगम आवागमन, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा वाहनों के सुव्यवस्थित पड़ाव की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि आयोजन में शामिल होने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को एक स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुखद वातावरण उपलब्ध हो।
कल किऊल नदी के पावन तट पर संध्या 4 बजे से आयोजित होने वाली इस भव्य गंगा आरती में वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और सैकड़ों दीपों की जगमगाती लौ के बीच माँ गंगा की आराधना की जाएगी। दीपों से आलोकित घाट, आध्यात्मिक संगीत और भक्तिमय वातावरण श्रद्धालुओं को एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करेगा। यह आयोजन जिले की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा एवं सामूहिक सहभागिता का सुंदर प्रतीक बनने के साथ ही जमुई की आध्यात्मिक एवं पर्यटन संबंधी पहचान को भी नई ऊंचाई प्रदान करेगा।
जिला प्रशासन एवं नगर प्रशासन, जमुई की ओर से जिले के समस्त श्रद्धालुओं, नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं प्रबुद्धजनों से सादर अनुरोध है कि कल संध्या 04 बजे खैरमा घाट पर आयोजित होने वाली भव्य गंगा आरती में सपरिवार सम्मिलित होकर इस पावन एवं आध्यात्मिक आयोजन का हिस्सा बनें और अपनी सहभागिता से इसकी गरिमा बढ़ाएं।
साथ ही, जिले के सभी सम्मानित मीडिया प्रतिनिधियों एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से विशेष अनुरोध है कि इस आयोजन में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए अपने-अपने मीडिया एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से इसकी व्यापक कवरेज एवं प्रचार-प्रसार करें। गंगा आरती की भव्यता, किऊल नदी के पावन तट की आध्यात्मिक छटा और जमुई की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को अपने कैमरों, लेखों एवं डिजिटल माध्यमों से अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाएं। आपका सक्रिय सहयोग एवं रचनात्मक सहभागिता जिले की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देने तथा धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को व्यापक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Khaira, Jamui | Nov 9, 2026