#भरतपुर। शहर में चल रहे श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेले के तहत रविवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में भजन-जिकड़ी का भव्य आयोजन किया गया। बाबा गोलमोल बगीची के महंत भूमानन्द जी के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को देर रात तक मंत्रमुग्ध रखा। मेला अधिकारी डॉ. अरविन्द सिंह चौधरी ने बताया कि स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए प्रतिदिन ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान आगरा, मथुरा और भरतपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से आए कई कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा भोंट मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता धीरेंद्र सिंह बिल्लू ने की। इस मौके पर कई गणमान्य अतिथि और पशुपालन विभाग के कार्मिक भी मौजूद रहे।