#भरतपुर। डीग जिले के कुम्हेर थाना इलाके के साबोरा गांव में रविवार दोपहर पंचायतीराज चुनाव में सरपंच पद के एक दावेदार के पक्ष में वोट डालने का दबाव बनाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में एक पक्ष के गौरव और सचिन के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि चार अन्य लोग भी घायल हो गए। घायलों को कुम्हेर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। इससे तीन दिन पहले भी इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी, जिसकी शनिवार को पुलिस में शिकायत भी दी गई थी। घटना के बाद दोनों पक्षों ने कुम्हेर थाने में एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस शिकायत दी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गोपाल और रंजीत पक्ष ने एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दी हैं। दोनों की एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।