#भरतपुर। बयाना में रविवार शाम आर्य समाज की नई कार्यकारिणी का चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हुआ, जिसमें सुनयना आर्या को संगठन का नया प्रधान चुना गया है। आर्य समाज के इतिहास में यह पहला अवसर है जब किसी महिला कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। आर्य उप प्रतिनिधि सभा भरतपुर के प्रधान सुरेंद्र सोलंकी और मंत्री देवेंद्र भारद्वाज की देखरेख में हुए इन चुनावों के दौरान पिछली कार्रवाई और आय-व्यय का विवरण भी प्रस्तुत किया गया। नई कार्यकारिणी में प्रदीप आर्य को मंत्री और धर्मेंद्र आर्य को कोषाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि विभिन्न पदों पर अन्य पदाधिकारियों का चयन भी किया गया है। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने पर चुनाव अधिकारियों ने आर्य समाज बयाना की सराहना की।