हरदोई लगातार हो रही बारिश बनी काल, भरभराकर गिरी कच्ची दीवार, मलबे में दबने से वृद्ध किसान की मौके पर ही मौत परिवार में मचा कोहराम
हरदोई से एक बेहद ही दर्दनाक और झकझोर देने वाला हादसा सामने आया है। जनपद के संडीला कोतवाली क्षेत्र में आसमानी आफत ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दी हैं। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते एक कच्ची दीवार अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इस हादसे की जद में आने से एक वृद्ध किसान की मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे इलाके में मातम का माहौल है
ये दर्दनाक हादसा संडीला कोतवाली क्षेत्र के कुरना टिमरुख गांव का है। बताया जा रहा है कि इलाके में पिछले कई घंटों से लगातार भारी बारिश हो रही थी। इसी बारिश के चलते एक घर की कच्ची दीवार पूरी तरह नम हो चुकी थी और अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के पास ही मौजूद वृद्ध किसान राम बिलास को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वो मलबे के नीचे दफन हो गए। चीख-पुकार सुनकर जब तक ग्रामीण और परिजन मौके पर दौड़े और मलबे को हटाकर राम बिलास को बाहर निकाला, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। राम बिलास की सांसें थम चुकी थीं। आपको बता दें कि मृतक राम बिलास, समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष विशाल अर्कवंशी के पारिवारिक चाचा थे। इस हादसे की खबर मिलते ही प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों ने स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना देकर शव के पोस्टमार्टम की मांग की है, ताकि आगे की कानूनी और आर्थिक मुआवजे की कार्रवाई की जा सके
Hardoi, Hardoi | Sep 3, 2026