⚡ 25 दिन से गांव में अंधेरा, ट्रांसफार्मर नहीं बदला तो बिजलीघर पहुंचे 50 ग्रामीण
नवाबगंज। ब्लॉक के ज्योनी गांव में पिछले 25 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से परेशान करीब 50 ग्रामीण ट्रैक्टरों से नवाबगंज बिजलीघर पहुंचे और विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बिजली न होने के कारण पेयजल से लेकर रोजमर्रा के काम तक प्रभावित हो रहे हैं। उमस भरी गर्मी में प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है और उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। शुक्रवार को ग्रामीणों ने बिजलीघर पहुंचकर तत्काल ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की।
एसडीओ के मौजूद न होने पर ग्रामीणों ने अपनी शिकायत का पत्र विभागीय लिपिक नंदकिशोर को सौंपा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो दोबारा प्रदर्शन किया जाएगा।
वहीं एसडीओ विद्यासागर ने बताया कि स्टोर में ट्रांसफार्मर उपलब्ध न होने के कारण समस्या हुई है। स्टोर में ट्रांसफार्मर आते ही उसे लगवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।
⚡ 25 दिन से अंधेरे में गांव, अब ग्रामीणों ने बिजलीघर पर जताया आक्रोश।
#नवाबगंज #फर्रुखाबाद #ज्योनी #बिजली_संकट #ट्रांसफार्मर #विद्युत_विभाग #ग्रामीणों_का_प्रदर्शन #BreakingNews #FarrukhabadNews #YouthIndiaNews