धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा व भैया दूज के दृष्टिगत पलवल पुलिस अलर्ट मोड पर, सुरक्षा के किए गए पुख्ता प्रबंध।
Aonenews अरविन्द बक्शी
पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग के कुशल निर्देशन में बाजारों में निकाला गया पैदल मार्च, शहर भर में लगाए गए 28 विशेष नाके।
*सिविल ड्रेस में तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में असामाजिक तत्वों पर रखी जा रही है पैनी नजर।
पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग (IPS) ने जिलावासियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
त्योहारों की उमंग तभी सार्थक है जब सुरक्षा और सजगता का पूरा ध्यान रखा जाए-दीप्ति गर्ग, एसपी पलवल।
पुलिस प्रवक्ता कार्यालय पुलिस अधीक्षक पलवल से प्राप्त जानकारी के आगामी पावन त्योहारी सीजन—धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पलवल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग के कुशल मार्गदर्शन में जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े और पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। बाजारों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर आमजन व व्यापारियों की सुरक्षा के लिए विशेष कार्ययोजना लागू की गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशों की अनुपालना में पुलिस टीमों द्वारा प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल मार्च (फ्लैग मार्च) निकाला गया। इस दौरान दुकानदारों, व्यापारियों और खरीदारी करने पहुंचे आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया गया तथा नियमों की पालना करने की अपील की गई।
28 रणनीतिक नाके: शहर के सुरक्षा घेरे को अभेद्य बनाने के लिए सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों, मुख्य बाजारों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर 28 विशेष पुलिस नाके स्थापित किए गए हैं।
सघन वाहन चेकिंग: सभी नाकों पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की राउंड-द-क्लॉक गहन तलाशी व जांच की जा रही है।
सिविल ड्रेस में मुस्तैदी: धनतेरस व दीपावली पर बाजारों, सर्राफा बाजार, आभूषण दुकानों, बैंकों व एटीएम के आसपास जेबकतरों, उचक्कों व असामाजिक तत्वों पर गुप्त निगरानी के लिए सादे कपड़ों (सिविल ड्रेस) में विशेष पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।
महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस: त्योहारों पर खरीदारी के लिए निकलने वाली महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु महिला पुलिसकर्मियों और दुर्गा शक्ति की विशेष टीमें बाजारों व सार्वजनिक स्थलों पर लगातार गश्त कर रही हैं।
ट्रैफिक प्रबंधन: त्योहारी खरीदारी के दौरान बाजारों में जाम की स्थिति न बने, इसके लिए यातायात पुलिस द्वारा रूट डायवर्जन और व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने जिलावासियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि त्योहारों की उमंग तभी सार्थक है जब सुरक्षा और सजगता का पूरा ध्यान रखा जाए।
किसी भी लावारिस या संदिग्ध वस्तु (जैसे बैग, डिब्बा, लावारिस वाहन आदि) को हाथ न लगाएं।
किसी भी प्रकार की असामान्य या संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को सूचित करें या आपातकालीन सेवा नंबर डायल 112 पर कॉल करें। पटाखों और आतिशबाजी को लेकर सरकार व प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना करें।
अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक सूचना को बिना पुष्टि के साझा न करें। पलवल पुलिस प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा के लिए 24 घंटे तत्पर है। सुरक्षित रहें, सतर्क रहें और हर्षोल्लास के साथ दीपोत्सव मनाएं।